लुधियाना: लुधियाना के ऋषि नगर इलाके में आर्थिक तंगी से परेशान एक प्रॉपर्टी कारोबारी ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 48 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कारोबार में मंदी और आर्थिक हालत ठीक नहीं होने के कारण वह पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे।
हालत बिगड़ने पर DMC में करवाया था भर्ती
थाना पीएयू के प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र पाल चौधरी ने बताया कि पुलिस को आज सुबह सूचना मिली थी कि ऋषि नगर निवासी सोनू कुमार ने जहरीली निगल ली है। परिजनों ने बताया कि जब सोनू की हालत बिगड़ी तो उन्हें तुरंत डीएमसी (DMC) अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों का बुरा हाल, पत्नी के बयानों पर कार्रवाई
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोनू कुमार प्रॉपर्टी का काम करते थे। पिछले कुछ समय से काम में लगातार हो रहे घाटे और आर्थिक तंगी के चलते वह काफी परेशान रहने लगे थे। सोनू अपने पीछे पत्नी और 2 बच्चों को छोड़ गया।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पत्नी ज्योति के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। सोनू कुमार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे जिसके चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

