पंचकूला। भाजपा के पंचकूला से मेयर पद के प्रत्याशी शाम लाल बंसल के समर्थन में चुनावी माहौल उस समय और गरमा गया, जब दिल्ली से भाजपा सांसद एवं भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने सेक्टर-20 आशियाना कॉलोनी तथा सेक्टर-16 लेबर चौक में विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों की मौजूदगी देखने को मिली और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
मनोज तिवारी ने ठेठ भोजपुरी अंदाज में लोगों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 7 मई का दिन देश के लिए ऐतिहासिक रहा, जब नरेंद्र मोदी सरकार ने पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे सबसे धोखेबाज पार्टी बताया और कहा कि आतंकवाद जैसे मुद्दों पर भी कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि वहां बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दिया गया, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार लोगों को बसाने और विकास देने का काम करती है, न कि उजाड़ने का। मनोज तिवारी ने अपने गीतों से भी लोगों का मनोरंजन किया। उन्होंने मंच से गाया, “भाजपा का मतलब सेवा है, सेवक हमको बनाये रखना, खोखले प्रचार हम करते नहीं, चरणों में हमें बनाये रखना।” उनके गीतों पर सभा में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
उन्होंने वादा किया कि भाजपा के मेयर प्रत्याशी शाम लाल बंसल और पार्षद उम्मीदवारों की जीत के बाद आशियाना घरों की मासिक किश्त 1803 रुपये से घटाकर 720 रुपये की जाएगी तथा बिजली-पानी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार आशियाना घरों को तोड़ने की बजाय लोगों को स्थायी सुविधाएं देने के पक्ष में है। पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने कहा कि आशियाना आवासों पर करीब 10 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। इस दौरान मनोज तिवारी का गदा और पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया गया।
सभा में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, कालका विधायक लतिका शर्मा, पूर्व मेयर उपेंद्र आहलुवालिया, कुलभूषण गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, शिवालिक विकास बोर्ड के चेयरमैन ओमप्रकाश देवीनगर सहित अनेक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने मंच से मेयर प्रत्याशी शाम लाल बंसल और भाजपा पार्षद उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान भाजपा को उस समय और मजबूती मिली जब कांग्रेस के कई प्रभावशाली नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। शिवालिक विकास बोर्ड के चेयरमैन ओमप्रकाश देवीनगर के प्रयासों से धर्मपाल गुज्जर मट्टावाला, सुदेश रानी और राजेंद्र साहनी ने हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और शाम लाल बंसल की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
वहीं सेक्टर-21 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित कारसेवक सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, सांसद कार्तिकेय शर्मा और अन्य नेताओं ने लोगों को संबोधित करते हुए पंचकूला में ट्रिपल इंजन सरकार बनाने की अपील की। मंदिर प्रबंधन समिति ने धार्मिक कार्यों के लिए अतिरिक्त भूमि आवंटित करने की मांग रखी, जिस पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने सहयोग का आश्वासन दिया। उधर पंचकूला जिला न्यायालय परिसर में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन द्वारा अध्यक्ष राकेश शर्मा की अगुवाई में शाम लाल बंसल का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
भाजपा उम्मीदवार शाम लाल बंसल ने दिनभर विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं, जनसंवाद और समर्थन सभाएं कर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि आसपास के जिलों से भी कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुट गए हैं, जिससे पंचकूला में भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल बनता दिखाई दे रहा है।

