चंडीगढ़: पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। जाखड़ ने कल विधानसभा में मुख्यमंत्री की स्थिति पर सवाल उठाते हुए इसे पंजाब के सिर पर कलंक करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस मदहोश हालत में कल मुख्यमंत्री थे, उससे ध्यान भटकाने के लिए ही पाठक वाला नया ड्रामा रचा गया है। जाखड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि कल भाजपा का प्रतिनिधिमंडल गवर्नर से मिलेगा और विधानसभा में मुख्यमंत्री की मानसिक और शारीरिक हालत की जांच की मांग करेगा।

शीश महल वालों को नसीहत: जिनके घर शीशे के होते हैं…
राजकुमार की फिल्म का डायलॉग दोहराते हुए जाखड़ ने कहा, चेन्नई सेठ, जिनके घर शीशे के होते हैं, वो दूसरों के घर पत्थर नहीं मारा करते। उन्होंने केजरीवाल और उनके गैंग को संदेश देते हुए कहा कि ये जो शीश महल बना रखे हैं, यह हरकत तुम्हारे लिए ठीक नहीं है। उन्होंने भगवंत मान को केजरीवाल की कठपुतली बताते हुए कहा कि सब कुछ दिल्ली से सिसोदिया के जरिए कंट्रोल हो रहा है।
