गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर से मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने भाजपा जॉइन कर ली। बुधवार को प्रदेशाध्यक्ष मोहल लाल बड़ौली और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने उन्हें भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। मार्च 2025 में हुए नगर निगम के चुनाव में भाजपा ने 10 में से 9 नगर निगम पर जीत दर्ज की थी। इकलौता मानेसर ही ऐसा निगम था, जहां निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत ने बीजेपी के सुंदर लाल यादव को 2 हजार 293 वोटों से हराया था। चुनाव जीतने के बाद डॉ. इंद्रजीत केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत से मिलने पहुंच गई थी। माना जाता है कि राव इंद्रजीत के समर्थन से ही डॉ. इंद्रजीत ने यह चुनाव जीता था। जीत के कुछ समय बाद एक सभा में मेयर फूट-फूटकर रोईं थी। कहा था कि मंत्री नरबीर सिंह उनकी जीत को पचा नहीं पा रहे।

कौन है डॉ. डॉ. इंद्रजीत यादव, जो बीजेपी में शामिल हुई…
- मानेसर की पहली मेयर बनीं : सरकार ने मानेसर को गुरुग्राम से अलग कर नगर निगम बनाया था। मार्च 2025 में 10 नगर निगमों के चुनाव हुए। जिनमें से 9 में BJP प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। सिर्फ मानेसर की वजह से पार्टी क्लीन स्विप से चूक गई थी। अब इंद्रजीत यादव के साथ 8 निर्दलीय पार्षदों ने भी भाजपा जॉइन की।
- राव इंद्रजीत ने पार्टी जॉइन कराई: मेयर डॉ. इंद्रजीत को केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का करीबी माना जाता है। चुनाव के समय डॉ. इंद्रजीत ने बीजेपी से मेयर का टिकट मांगा था, मगर बीजेपी ने उनकी जगह सुंदरलाल यादव को टिकट दे दिया। मेयर बनने के बाद भी डॉ. इंद्रजीत ने बीजेपी जॉइन करने का प्रयास किया, लेकिन हरियाणा सरकार में मंत्री राव नरबीर ने उनका विरोध किया। अब राव इंद्रजीत ने ही प्रदेशाध्यक्ष की उपस्थिति में रेवाड़ी में हुए एक कार्यक्रम में उन्हें पार्टी जॉइन कराई।
- मेयर के साथ ये पार्षद भी हुए शामिल: मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव के साथ निगम के आठ पार्षद भी शामिल हुए। इनमें जगमिंदर यादव, भूपेंद्र कुमार, राम प्रकाश, रविन्द्र फौजी, पिंकी, प्रवेश यादव, रवि यादव और प्रताप सिंह ने भाजपा जॉइन की।

