पंचकूला। नगर निगम चुनाव के बीच भाजपा को उस समय बड़ा राजनीतिक लाभ मिला जब पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पंचकूला से कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन के विश्वासपात्र और मीडिया इंचार्ज रहे हेमंत किंगर ने अपने समर्थकों सहित भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली की मौजूदगी में हुई इस जॉइनिंग से भाजपा मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल को चुनावी मैदान में मजबूती मिलती दिख रही है।
इसके अलावा रजनीश गुलाटी, पियूष गुलाटी और अवनीशजोत ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का झंडा उठा लिया। वहीं पूर्व मंत्री राजकुमार वाल्मीकि के भाजपा में शामिल होने से अनुसूचित जाति वोटों के ध्रुवीकरण के संकेत भी भाजपा के पक्ष में माने जा रहे हैं।
हरियाणा भाजपा कार्यालय पंचकमल में निकाय चुनावों के लिए संकल्प पत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में “ट्रिपल इंजन सरकार” बनने पर 21 वादों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 14 नगरपालिकाओं में बेघरों को 30 गज के प्लॉट दिए जा चुके हैं और भविष्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ जोड़कर 1.60 लाख मकान बनाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को हर माह 2100 रुपये देने के लिए बजट में 1038 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि अन्य राज्यों में ऐसी घोषणाएं पूरी नहीं हो पाईं। उन्होंने किसानों के रिकॉर्ड गेहूं उत्पादन और सरकारी खरीद का भी जिक्र किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि पंचकूला में मेयर द्वारा बताए गए कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व स्पीकर कंवर पाल गुर्जर, मंत्री कृष्ण लाल पंवार, रणबीर गंगवा, विधायक शक्ति रानी शर्मा, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, मंत्री विपुल गोयल, पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, बंतो कटारिया और जिला अध्यक्ष अजय मित्तल सहित कई नेता मौजूद रहे। उधर, भाजपा मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल ने अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत निरझर वाटिका पार्क में गुड मॉर्निंग क्लब के साथ जनसंवाद से की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न वार्डों और सेक्टरों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया। सकेतड़ी गांव में वार्ड-1 से पार्षद प्रत्याशी डॉ. परमजीत कौर के कार्यालय का उद्घाटन करते हुए बंसल ने कहा कि उनके मेयर बनने पर गांवों के बजट में बढ़ोतरी कर समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं सेक्टर-11 में वार्ड-12 के प्रत्याशी राकेश जगोता के कार्यालय उद्घाटन के दौरान हवन यज्ञ में भी भाग लिया।
इसके अलावा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित अंबेडकर जयंती समारोह में शामिल होकर उन्होंने भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें गरीबों का मसीहा बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। श्याम लाल बंसल ने सेक्टर-2 और सेक्टर-5 में भी विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के साथ संवाद किया। लघु उद्योग भारती और रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने भी उनके निवास पर पहुंचकर समर्थन का आश्वासन दिया। पंचकूला के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनावी माहौल में भाजपा की ओर झुकाव और “ट्रिपल इंजन सरकार” के नारे के साथ पार्टी के पक्ष में माहौल बनता नजर आ रहा है।

