चंडीगढ़: न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच आज (28 अप्रैल) शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा। इसके लिए दर्शकों की एंट्री शाम 4:30 बजे से शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने दर्शकों के लिए वहां पार्किंग की व्यवस्था भी की है। कुल आठ पार्किंग बनाई गई हैं, जिनमें से तीन पार्किंग वीआईपी के लिए हैं, जबकि बाकी पांच पार्किंग आम लोगों के लिए रखी गई हैं।

13 पॉइंट के साथ टॉप पर पंजाब की टीम
पंजाब किंग्स की टीम 13 पॉइंट के साथ अंक तालिका में सबसे ऊपर है। इसमें अपने सात मुकाबलों में से 6 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण ड्रॉ हो गया था। वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम चौथे स्थान पर है, जिसने अपने आठ मुकाबलों में से पांच मुकाबले जीते हैं और तीन मुकाबले हारे हैं। पंजाब का टॉप ऑर्डर अच्छी परफॉर्मेंस कर रहा है, इसलिए टीम पावर प्ले में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। टीम के ओपनर प्रियांशु आर्य और प्रभसिमरन सिंह की परफॉर्मेंस अच्छी चल रही है। हर मुकाबले में दोनों ने शानदार शुरुआत दिलाई है। इसी वजह से टीम अभी तक कोई मैच नहीं हारी है।

