हांसी: हरियाणा के हांसी में सोमवार देर शाम एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 2 लोग जिंदा जल गए और 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस भिवानी से हांसी की ओर जा रही थी। यह हादसा मिलकपुर गांव के पास हुआ। कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दोनों मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में पहले धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

150 मीटर दूर तक कंपन हुई
मिलकपुर गांव के विजय ने बताया कि घटना शाम साढ़े 7 बजे की है। बस में पहले जोरदार धमाका हुआ। उनकी दुकान करीब 150 मीटर दूर है, जहां तक कंपन महसूस हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि टायर फटा हो सकता है। घटना के बाद सभी लोग मौके पर पहुंचे। उस समय बस के बीच हिस्से में आग लगी हुई थी। सभी सवारियों को बाहर निकालकर हांसी के अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में करीब 10 से 11 लोग घायल हुए हैं।
जिंदा जलने वाले दिखाई नहीं दिए
विजय ने आगे बताया कि जिन दो लोगों की मौत हुई, वे शुरुआत में दिखाई नहीं दिए। कुछ यात्री बाद में अपना सामान लेने के लिए बस में चढ़े थे। बाहर मौजूद लोगों ने बताया था कि अंदर कोई नहीं है, लेकिन इसी दौरान आग और भड़क गई। बाद में पता चला कि बस के अंदर दो लोगों की मौत हो चुकी थी।
दो ही घायलों की पहचान हो पाई है, जिनमें बवानी खेड़ा निवासी सौमी और सिवाड़ा गांव निवासी मोनू शामिल है। मोनू को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

