झज्जर: आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद हरियाणा में AAP के पूर्व अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने दावा किया है कि यह सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में पंजाब के करीब 28 विधायक भी आम आदमी पार्टी छोड़ सकते हैं। बातचीत में नवीन जयहिंद ने कहा कि जल्द ही बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल सकता है। पंजाब में आम आदमी पार्टी के कई बड़े चेहरे और विधायक लगातार मेरे संपर्क में हैं। जल्द ही इस राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े नामों का खुलासा करूंगा।

रोहतक के रहने वाले नवीन जयहिंद साल 2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से जुड़े थे। जब अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी बनाई, तो नवीन जयहिंद उसके संस्थापक सदस्यों में से एक थे। उनकी शादी राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से हुई थी, हालांकि अब दोनों अलग हो चुके हैं। 21 दिन पहले AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया था, तब जयहिंद ने कहा था कि दिल्ली में केजरीवाल के शीशमहल (CM हाउस) में राघव को मुर्गा बनाकर पीटा गया था।
जिन सांसदों ने पार्टी छोड़ी, उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ: जयहिंद ने कहा कि जिन सात सांसदों ने पार्टी छोड़ी है, उनमें से कई के साथ पहले दुर्व्यवहार हुआ। कई के साथ मारपीट भी हुई और दबाव बनाया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पार्टी के अंदर गंभीर खींचतान चल रही है।
राघव चड्ढ़ा को तो मुर्गा बनाकर पीटा गया : जयहिंद ने दावा किया है कि राघव चड्ढा को दिल्ली में केजरीवाल के शीशमहल (CM हाउस) में मुर्गा बनाकर पीटा गया था। 4 नेताओं के सामने उनसे मारपीट हुई थी। इस पिटाई में राघव की आंख पर चोट आई थी, जिसका इलाज कराने के लिए ही राघव इंग्लैंड गए थे। लोगों ने समझा कि राघव हनीमून मनाने के लिए इंग्लैंड गए हैं।
जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करके खुलासा करेंगे: नवीन जयहिंद ने कहा कि पंजाब में मौजूदा सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के कई बड़े चेहरे और विधायक लगातार उनके संपर्क में हैं। जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े नामों का खुलासा करेंगे।

