करनाल: करनाल जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में आर्वधन नहर की पटरी पर वीरवार शाम पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। घायल को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। हालत नॉर्मल होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। सीआईए-1 की टीम को शाम के समय सूचना मिली कि कर्ण विहार में फायरिंग करने वाला आरोपी स्कूटी पर आर्वधन नहर के किनारे अपने गांव की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा और पुलिस की गाड़ी पर फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली उसकी टांग में लगी और वह गिर गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया और उसके पास से अवैध हथियार बरामद कर लिया।

