पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने मेयर व 17 पार्षदों की लिस्ट को जारी कर दिया है। 20 में से केवल 3 पार्षदों के टिकट होल्ड पर किए गए हैं। जिनके आज शाम तक जारी होने की उम्मीद है। उधर BJP ने भी पार्षद कैंडिडेट की लिस्ट जारी कर दी है। BJP ने 5 पूर्व पार्षदों के टिकट काटे हैं। निगम चुनाव को लेकर टिकट वितरण में कांग्रेस ने पंचकूला MLA चंद्रमोहन को फ्री हैंड दिया है। प्रत्याशियों की लिस्ट में उनकी पॉवर साफ देखने को मिली है। पार्टी ने 17 में से 13 कैंडिडेट उनकी पंसद से उतारे गए हैं। जिला कांग्रेस संगठन की सिफारिश पर एक तथा सांसद वरूण चौधरी व सांसद दीपेंद्र हुड्डा के 1-1 चहेते को पार्षद की टिकट मिली है।
प्रत्याशियों की सूचियां आने के बाद कांग्रेस में अभी खुलकर तो बगावत नहीं दिखाई दी है लेकिन अंदरखाते बहुत कुछ चल रहा है। कांग्रेस के बड़े पंजाबी नेता रविंद्र रावल के परिवार ने चुनाव से पूरी तरह से दूरी बना ली है। चर्चा है कि उनके भाई को वार्ड 5 से पार्षद का टिकट दिया जा रहा था। लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से स्पष्ट इंकार कर दिया। रावल के भाई नरेश रावल 2 बार पार्षद रह चुके हैं।
कांग्रेस की लिस्ट में जाट-वैश्य की अनदेखी
पंचकूला में कांग्रेस ने 20 में से 17 कैंडिटेट डिक्लेयर कर दिए हैं। कांग्रेस ने अपने 4 पार्षदों के टिकट काट दिए हैं तथा 4 को फिर से टिकट दिया गया है। कांग्रेस की लिस्ट में वैश्य समुदाय से 1, पंजाबी से 2, राजपूत से 1, सैनी से 3, गुर्जर से 1, एससी से 3, ब्राह्मण से 3, जट्ट सिख से 1, मुस्लिम से एक, लबाना समुदाय से एक प्रत्याशी को टिकट दिया है। कांग्रेस की लिस्ट में एक भी जाट को प्रत्याशी नहीं बनाया गया है। वहीं 40 हजार वोटरों वाले वैश्य समुदाय को केवल एक टिकट दिया गया है।
4 पार्षदों की कटी टिकट
कांग्रेस में पार्षद पंकज, ऊषा रानी, गौतम प्रसाद के बेटे की बहू सरस्वती देवी, अक्षयदीप चौधरी को फिर से टिकट दिया गया है। वहीं सलीम, संदीप सोही, गुरमेल कौर व परमजीत कौर का टिकट काट दिया गया है।
पंचकूला में BJP ने काटे 5 पार्षदों के टिकट
पंचकूला में BJP ने अपने 5 पार्षदों के टिकट काटे हैं। हालांकि 1 निर्दलीय ओमवती पूनिया ने भी BJP का दामन थाम लिया था, उसे भी मौका नहीं दिया गया। BJP ने पंचकूला वार्ड एक के पूर्व पार्षद नरेंद्र लुबाना की पत्नी, वार्ड 3 से सुरेश वर्मा, 5 से जय कौशिक व 9 से हरेंद्र मलिक पर फिर से भरोसा जताया है। वहीं रितु, सोनिया सूद, सोनू व सुनीत सिंगला, राकेश कुमार का टिकट काट दिया है।

