खरड़: मोहाली में नशा तस्करी के केस में आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। जैसे ही पुलिस आरोपी को पकड़कर कार में बैठाने लगी, तो मौके पर मौजूद उसके साथी भड़क गए और पुलिस पर हमला कर दिया। SI के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिससे वे घायल हो गए और वर्दी फट गई। इसके बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कार के पास SI को घेर कर पीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस पर हमले से जुड़ा 23 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। जिसमें दिख रहा कि कुछ लोग पुलिस को घेरे हुए हैं। पुलिस आरोपी को कार के अंदर बैठा रही है, इसी बीच उसके साथी विरोध करते हुए पुलिस से हाथापाई करने लगते हैं। इस बीच एक युवक हाथ में डंडा लिए भी दिखता है। हमलावर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश भी करते हैं, लेकिन पुलिस उसे कार के अंदर कर देती है।

विस्तार से पढ़िए पूरा मामला
- SI टीम के साथ आरोपी को पकड़ने गए: बुधवार दोपहर 2:15 बजे हरलालपुर गांव में सदर थाना खरड़ में तैनात अंडर ट्रेनिंग सब-इंस्पेक्टर (SI) गुरविंदर सिंह अपनी टीम के साथ एक एनडीपीएस मामले में दबिश देने पहुंचे थे। पुलिस टीम वर्दी में आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही थी।

- हमले के दौरान SI के सिर में चोट लगी: इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हाथापाई में सब-इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह के सिर पर चोट आई और वर्दी फट गई। घायल सब-इंस्पेक्टर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
- घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल: घटना के बाद हरलालपुर गांव में तनाव का माहौल बन गया है। हमले के बावजूद, पुलिस टीम ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया थी। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर बाकी के फरार 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
-
6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
सदर थाना खरड़ के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि नशा तस्करी के मामले में आरोपियों की सूचना मिलने के बाद हरलालपुर भुखड़ी रोड पर पुलिस की दो टीमें तैनात की गई थी। जब पुलिस अधिकारी एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो बाकी आरोपियों ने हाथापाई की। पुलिस द्वारा इस केस में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
