पंचकूला: हरियाणा में सोमवार को नगर निगम चुनाव का ऐलान कर दिया गया। हरियाणा चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सोनीपत-पंचकूला और अंबाला नगर निगम में 10 मई को वोटिंग होगी और 13 मई को रिजल्ट आएगा। राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने बताया कि पंचायत के उपचुनाव भी नगर निकायों के साथ होंगे। पानीपत और करनाल जिला परिषद के 1-1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंचों के लिए वोटिंग होगी। वोटिंग के ऐलान के साथ ही सभी जगह चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। पंचायती राज के रिजल्ट मतदान वाले दिन यानी 10 मई को ही आ जाएंगे। चुनाव ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को अब केंद्रीय चुनाव आयोग के तय दरों के बराबर मानदेय मिलेगा। वोटिंग EVM से होगी, लेकिन वीवीपैट का इस्तेमाल नहीं होगा।
कहां-कहां चुनाव होंगे
- नगर निगमः अंबाला, पंचकूला व सोनीपत
- नगर परिषदः रेवाड़ी
- नगर पालिकाः सांपला (रोहतक), उकलाना (हिसार) व धारूहेड़ा (रेवाड़ी)
पंचायत के उपचुनाव भी नगर निकायों के साथ होंगे
पंचायती राज के उप चुनाव भी शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के साथ होंगे। इनमें पानीपत व करनाल में जिला परिषद के एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव होगा। इसके अलावा 12 ब्लॉक समितियों और 29 गांवों में सरपंच पदों पर भी उपचुनाव होगा।
ये रहा शेड्यूल
नामांकन नोटिस-15 अप्रैल
नामांकन 21 से 25 अप्रैल तक
नामांकन पत्रों की जांच- 27 अप्रैल
नाम वापसी- 28 अप्रैल, उसी दिन चुनाव चिन्ह मिलेंगे
वोटिंग-10 मई
सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे
जरूरत पड़ने पर दोबारा मतदान- 12 मई
मतगणना-13 मई को होगी
पंचायती राज संस्थाओं की गिनती वोटिंग के दिन ही होगी।
चुनाव पर खर्च की सीमा तय
नगर निगम मेयर-30 लाख नगर निगम पार्षद- 7.5 लाख
नगर परिषद अध्यक्ष- 20 लाख नगर परिषद पार्षद- 4.5 लाख
नगर पालिका अध्यक्ष- 12.5 लाख नगर पालिका सदस्य- 3 लाख

