नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम/गुवाहाटी/कोलकाता/चेन्नई: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के प्रचार के तहत कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी केरल के कन्नूर पहुंचीं। उन्होंने कहा- आने वाले केरल चुनाव के लिए LDF और BJP के बीच एक सीक्रेट डील हुई है। हमने देखा कि सबरीमाला मंदिर में बड़े पैमाने पर चोरियां हुई हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की तरफ से एक शब्द भी नहीं आया। यहीं इस डील के सबूत हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को असम पहुंचे हैं। उनकी आज 3 रैलियां हैं। बरपेटा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वही गीत गाया, जो पाकिस्तान ने लिखा था और जिसकी धुन पाकिस्तान ने तैयार की थी। जो उसे पसंद है। कांग्रेस नेताओं का पाकिस्तान कनेक्शन हमेशा देश पर भारी पड़ता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पुडुचेरी पहुंचे हैं। उन्होंने लॉस्पेट में कहा- पुडुचेरी सरकार सभी कॉन्ट्रैक्ट से 30% कमीशन लेती है। उसने मंदिर की जमीनों पर कब्जा कर लिया है। कांग्रेस सरकार यहां बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹2 हजार की मदद देगा। महिलाओं को फ्री बस सर्विस मिलेगी।
पीएम की स्पीच के 3 पॉइंट
- असम में बड़ी संख्या में हमारे सैनिक परिवार रहते हैं। कांग्रेस सेना के शौर्य को भी नीचा दिखाने की कोशिश करती है। हमेशा दुश्मनों को एजेंडे को हवा देने की कोशिश की।
- असम में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की जीत की हैट्रिक लगेगी, कांग्रेस की हार की सेंचुरी होगी। बीजेपी जो कहती है करके दिखाती है। कांग्रेस के पास विकास का विजन नहीं है।
- कांग्रेस ने हमारी फौज से कैसे विश्वासघात किया है, उसका एक उदाहरण वन रैंक वन पेंशन भी है। सत्ता के लिए कांग्रेस कुछ भी कर सकती है और असम को इसका बहुत नुकसान हुआ है।
राहुल की स्पीच के 3 पॉइंट
- सरकारी और निजी क्षेत्रों में 30 हजार नई नौकरियां जनरेट करेगें। सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए उम्र की सीमा 40 साल तक बढ़ाएंगे। हर परिवार को ₹20 लाख का हेल्थकेयर बीमा मिलेगा।
- पुडुचेरी में कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है। लोग रात में बाहर निकलने से डरते हैं। महिलाओं-बच्चों को असुरक्षा महसूस होती है।
- खुद उपराज्यपाल ने यह स्वीकार किया है कि राज्य में स्कूली छात्रों के बीच नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। उन्हें पता है कि यह समस्या मौजूद है।

