ईरान-इजराइल जंग के 28 दिन बाद अब हूती विद्रोही भी इसमें शामिल हो गए हैं। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक यमन में मौजूद ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने करीब 2000 किलोमीटर दूर इजराइल के दक्षिणी शहर बेर्शेबा और आसपास के इलाकों को निशाना बनाते हुए बैलिस्टिक मिसाइल दागी। इजराइली सेना के मुताबिक, मिसाइल लॉन्च का पता चलते ही एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव किया गया और खतरे को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मौजूदा जंग के दौरान यमन से इजराइल पर यह पहला हमला माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक यमन के हूती विद्रोहियों ने इजराइल पर मिसाइल हमले की जिम्मेदारी ली है। हूती समूह ने कहा कि उसका अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक उसका मकसद पूरा नहीं हो जाता।
भारत बोला- ट्रम्प-मोदी की बातचीत में मस्क शामिल नहीं थे
भारत सरकार ने उन खबरों को खारिज किया है जिनमें कहा जा रहा था कि पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रम्प की बातचीत में इलॉन मस्क भी शामिल थे। विदेश मंत्रालय ने साफ कहा कि 24 मार्च को हुई बातचीत सिर्फ पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच ही हुई थी। इसमें किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी नहीं थी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बातचीत में दोनों नेताओं ने क्षेत्र की स्थिति पर अपने विचार साझा किए और शांति बनाए रखने पर जोर दिया। इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स ने दावा किया था कि मस्क भी इस कॉल में शामिल थे।
इस फोन कॉल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत चाहता है कि इलाके में शांति हो और तनाव कम हो। उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज स्ट्रेट सभी के लिए सुरक्षित और खुला रहना चाहिए।

