मोहाली: मोहाली जिले के जीरकपुर में फ्लाईओवर के नीचे झुग्गियों में रहने वाली चार वर्षीय बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की। लगभग सवा घंटे बाद बच्ची संदिग्ध हालत में मिली, जिसके शरीर से खून बह रहा था। परिजन तत्काल बच्ची को सरकारी अस्पताल ले गए। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उसके साथ रेप की आशंका जताते हुए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ किया केस दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी एसआई जसवंत सिंह ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण अभी होना बाकी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

