चंडीगढ़: चंडीगढ़ में मंगलवार को सेक्टर-38 लाइट पॉइंट के पास हिमाचल रोडवेज की बस और स्कॉर्पियो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर मौके पर पहुंची और घायल स्कॉर्पियो ड्राइवर को तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को काफी गंभीर चोटें आई हैं।

काफी दूर तक लंबा जाम
हादसे के बाद सेक्टर-38 लाइट पॉइंट पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पुलिस की 2-3 पीसीआर गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैफिक को सुचारू करवाया। काफी देर तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
3 महीने पहले ही खरीदी थी गाड़ी
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अमन ने बताया कि घायल उसका चाचा किशोर कुमार है, जो फाइनेंस का काम करता है और डड्डूमाजरा कॉलोनी में रहता है। वह किसी काम से जा रहा था, तभी सामने से आ रही हिमाचल नंबर की बस ने उसे टक्कर मार दी। अमन के अनुसार, स्कॉर्पियो करीब 3 महीने पहले ही खरीदी गई थी, जो हादसे में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

स्कॉर्पियो ने रेड लाइट जंप की
पुलिस को दिए बयान में हिमाचल रोडवेज बस के ड्राइवर रंजीत ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ से सेक्टर-43 बस स्टैंड की ओर आ रहा था। जैसे ही वह लाइट पॉइंट पर पहुंचा, सिग्नल ग्रीन था और वह अपनी दिशा में आगे बढ़ रहा था। तभी दूसरी तरफ से तेज रफ्तार में आई स्कॉर्पियो ने रेड लाइट जंप करते हुए बस को टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसका अंदाजा गाड़ी को देखने से ही लगाया जा सकता है। रंजीत ने बताया कि हादसे के बाद वह नीचे उतरे थे, लेकिन कुछ ही देर में काफी लोग इकट्ठा हो गए। वह घबरा गए और बस के अंदर जाकर दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया।

