मानसा: मानसा में बहू ने सास की पिटाई कर दी। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें बहू सास को कमरे से बालों से खींचकर बाहर लाकर पटकते हुए दिख रही है। इसके बाद सास को थप्पड़ भी मारा। सास ने बहू पर गहने चुराने का भी आरोप लगाया है। हालांकि बहू ने आरोपों को नकार दिया है। फिलहाल दोनों सरदूलगढ़ के अस्पताल में भर्ती हैं। सास के सिर पर चोट आई है। पुलिस को सूचना दे दी गई है। आज पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज करेगी।

बहू अलग रहने की जिद करती है
ससुर ओम प्रकाश ने बताया कि उनकी बहू स्माइल उनके साथ अकसर झगड़ा करती है। उनका बेटा उनके साथ रहना चाहता है। लेकिन बहू उनसे अलग रहने की जिद करती है। इसके लिए उनके और बहू के परिवार के बीच कई बार बैठकें भी हुईं।

बहू के परिजनों ने समझौते के लिए बुलाया था
ससुर ओम प्रकाश के अनुसार सोमवार को बहू के परिवार ने उन्हें बाहर पंचायत में समझौते के लिए बुलाया था। इसी दौरान बहू और उसके परिवार के सदस्यों ने उनकी पत्नी को बेरहमी से पीटा और घर से सोना व नकदी लेकर फरार हो गए।

3 साल पहले बेटे ने लव मैरिज की थी
दूसरी ओर प्रकाश के बेटे दीपक ने बताया कि उसने तीन साल पहले स्माइल से प्रेम विवाह किया था। वह कनाडा चला गया था। उसने दो-तीन बार स्माइल की फाइल भी लगाई। लेकिन उसका वीजा नहीं लग पाया। दीपक ने कहा कि उसके पीछे माता-पिता ने स्माइल को अपने पास रखा। लेकिन वह झगड़ा करती थी।
बहू बोली- सभी आरोप गलत
वहीं, बहू स्माइल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उसने कहा कि उसने सास को नहीं पीटा, बल्कि जब सास उसे पीटने लगी तो उसने केवल अपना बचाव किया। स्माइल ने सोना और नकदी चोरी करने के आरोप को भी गलत बताया है।

