मसूरी: कुलदीप यादव की शादी को लेकर मसूरी में समारोह शुरू हो चुके हैं। सुबह 11 बजे से हल्दी की रस्म शुरू हुई, जो दोपहर करीब दो बजे के बाद खत्म हुई। इसके बाद मेहमानों ने खास दावत का आनंद लिया, जिसमें एक थाली की कीमत 20 हजार रुपए से ज्यादा है। हल्दी के बाद समारोह में डांस और मस्ती का दौर शुरू हो गया। इससे पहले ही क्रिकेट और मनोरंजन जगत की कई हस्तियां मसूरी पहुंच चुकी थीं। इसके अलावा रिंकू सिंह, युजवेंद्र चहल, कैलाश खेर और बॉलीवुड अभिनेता कुणाल कपूर भी समारोह में शामिल होने के लिए मसूरी पहुंचे हैं।
क्रिकेटर रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ नजर आए। वहीं, युजवेंद्र चहल ने कहा कि भाई की शादी है, फुल डांस होगा। भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप भी समारोह में शामिल होने के लिए मसूरी पहुंच चुके हैं। वहीं, शाम तक तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के पहुंचने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को शादी समारोह में सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के भी शामिल होने की उम्मीद है।

