बजट सत्र के पांचवें दिन लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई और 8 मिनट ही चली। विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। सदन 12 बजे तक स्थगित किया गया। दूसरी बार भी सदन की कार्यवाही केवल 13 मिनट ही चल सकी। स्पीकर ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित की है। लोकसभा स्पीकर ने विपक्षी सांसदों से कहा- नारेबाजी गलत है, नियमों के खिलाफ है। इसके बावजूद विपक्ष लगातार हंगामा करता रहा। सूत्रों के मुताबिक, हंगामे को लेकर स्पीकर ओम बिरला ने कांग्रेस और भाजपा सांसदों के साथ बैठक की है। ताकि सदन बिना हंगामा के चलाया जा सके। वहीं, सदन के बाहर अमेरिका-भारत की ट्रेड डील को लेकर विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की।

इधर, अमेरिका से ट्रेड डील पर मंगलवार सुबह NDA की संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी का स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह अद्भुत और ऐतिहासिक है। वहीं विपक्ष अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर पीएम पर सवाल उठा रहा है। कांग्रेस ने कहा- सीजफायर (ऑपरेशन सिंदूर) की ही तरह ट्रेड डील की घोषणा राष्ट्रपति ट्रम्प ने की। पीएम मोदी ने हार मान ली है।

