नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ: देश के उत्तरी इलाकों में एक बार फिर सर्दी लौट आई है। सुबह राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश के 4 जिलों, मध्य प्रदेश के 5 जिलों, पंजाब के 4 जिलों, हरियाणा के 3 जिलों और राजस्थान, बिहार के एक-एक जिले में, साथ ही दिल्ली में शनिवार सुबह का तापमान 4 से 8 डिग्री के बीच रहा।

हालांकि जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में आज भी बर्फबारी हुई। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भारत, नेपाल, चीन बॉर्डर के पास तापमान माइनस 35° रहा है। यहां सर्दी इतनी है कि कुछ देर बाहर रहने पर आंखों में पानी जम जा रहा है।
यहां कालापानी इलाके में सशस्त्र सीमा बल के जवान स्पेशल ग्लास लगाकर चीन बॉर्डर पर गश्त कर रहे हैं। यहां नदी, नाले और झरने जम गए हैं। 23 जनवरी के बाद हुई भारी बर्फबारी से नलों और प्राकृतिक स्रोतों का पानी जम चुका है। जवानों को पीने और खाना बनाने के लिए बर्फ को पिघलाना पड़ रहा है। जम्मू-कश्मीर में तेज सर्दी के 40 दिन का फेज जिसे चिल्लई कलां कहते हैं। वह 30 जनवरी को खत्म हो गया है। इससे जम्मू-कश्मीर में कई इलाकों में रात के मिनिमम टेम्परेचर में बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को श्रीनगर का तापमान 0°C से बढ़कर 1.30°C पहुंच गया। ये गुरुवार रात को माइनस 0.6°C था। इधर यूपी के लखनऊ, कानपुर, आगरा, बरेली, गाजियाबाद समेत 30 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। कई जिलों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक सिमट गई है। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सुबह 6 बजे नंगली गेट के पास 11 गाड़ियां टकराईं। कोहरे की वजह से 4 पिकअप, 5 कार और 2 ट्रक आपस में टकरा गए।

