शिमला/श्रीनगर/देहरादून/भोपाल: देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों में फिर मौसम बदला है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मंगलवार से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू होने वाला है। राजस्थान के जयपुर में आज सुबह धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई। मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर समेत 28 जिलों में आज और कल बारिश का अलर्ट है। कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। यूपी के 14 जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। 50 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इधर, हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से हालात बिगड़े हुए हैं। कई नेशनल हाईवे पर बर्फ जमी है। इससे सैकड़ों पर्यटक फंसे हैं। मौसम विभाग ने आज भी कुल्लू, किन्नौर, चंबा, लाहौल-स्पीति और शिमला में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में अधिकांश जगहों पर आज सुबह से बर्फबारी हो रही है। श्रीनगर से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स आज के लिए रद्द कर दी गई हैं। बर्फ से ढंके ऊंचे इलाकों में रहने वाले लोगों को बाहर जाने से बचने की चेतावनी दी गई है। सोमवार को गुलमर्ग घाटी में तापमान -9.0 डिग्री दर्ज किया गया।

