कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड शहर में लुधियाना के गैंगस्टर नवप्रीत धालीवाल की गोलियां मारकर हत्या की गई। 9 जनवरी को दोपहर के समय बदमाशों ने घर में घुसकर उसे गोलियां मारीं। कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने शनिवार को उसकी पहचान सार्वजनिक की।
पुलिस के अनुसार नवप्रीत पहले से ही कानून एजेंसियों की रडार पर था और उसका नाम BC गैंग कनफ्लिक्ट से जुड़ा रहा है। टीम ने इसे टारगेट किलिंग बताया। इस बीच गैंगस्टर डोनी बल और मोहब्बत रंधावा ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है।
IHIT ने बताया कि 9 जनवरी को दोपहर करीब 12:38 बजे एबॉट्सफोर्ड पुलिस को सिस्किन ड्राइव के 3200 ब्लॉक में गोलीबारी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में मिला।
बीसी इमरजेंसी हेल्थ सर्विसेज की टीम ने तत्काल इलाज की कोशिश की। लेकिन नवप्रीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद मामले की जांच IHIT को सौंप दी गई।

