शिमला: देशभर से बर्फ देखने की उम्मीद में टूरिस्ट हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। प्रदेश के अधिकतर पर्यटन स्थलों पर अब तक बर्फबारी नहीं हुई। अभी केवल लाहौल-स्पीति जिले के रोहतांग पास और शिंकुला दर्रे में ही बर्फ देखी जा सकती है। शिमला, मनाली, कुफरी, नारकंडा, धर्मशाला, डलहौजी, कसौली समेत किसी भी फेमस टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर बर्फ नहीं है।

एक हफ्ते में ढाई लाख से ज्यादा टूरिस्ट शिमला पहुंचे
18 से 24 दिसंबर के बीच अकेले शिमला शहर में 54 हजार से अधिक टूरिस्ट व्हीकल की एंट्री हुई। इन वाहनों से ढाई लाख से ज्यादा पर्यटक शिमला, कुफरी, नारकंडा, फागू, शिलारू, मशोबरा और नालदेहरा जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचे।
मनाली में भी एक हफ्ते में करीब एक लाख सैलानी
इसी बीच 9527 वॉल्वो बसें और छोटे टूरिस्ट वाहन मनाली शहर में एंटर हुए। अनुमान के मुताबिक, करीब एक लाख टूरिस्ट क्रिसमस से पहले मनाली पहुंचे। वीकेंड और न्यू ईयर के दौरान इस संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।
रोहतांग पास मनाली से 51 किमी दूर
रोहतांग पास मनाली से लगभग 51 किलोमीटर दूर है। समुद्र तल से इसकी ऊंचाई करीब 13,050 फीट है। यहां टैक्सी या निजी वाहन से जाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए प्रशासन की अनुमति और मौसम का साफ होना जरूरी है। अधिकतर पर्यटक सुबह मनाली से रवाना होकर शाम तक वापस लौट आते हैं।
शिंकुला दर्रा मनाली से 130 किमी दूर
शिंकुला दर्रा लाहौल को जांस्कर घाटी से जोड़ता है और यहां भी बर्फ मौजूद है। यह दर्रा मनाली से करीब 130 किलोमीटर दूर और 16,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां केवल 4×4 वाहनों को ही जाने की अनुमति है, क्योंकि ब्लैक आइस के कारण फिसलन काफी बढ़ गई है। यह इलाका एडवेंचर टूरिस्ट के लिए ज्यादा उपयुक्त माना जाता है।

