टोहाना, फतेहाबाद (हरियाणा): टोहाना शहर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हेरोइन बरामद कर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नहला निवासी अजय और भुना निवासी गुरजीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
थाना शहर प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ रोड पर नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम ने अनाज मंडी के पास सरकारी स्कूल की दीवार के समीप दो संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से 262 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई टोहाना पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और बरामद नशीला पदार्थ को पुलिस मालखाने में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशा तस्करी या मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समाज को सुरक्षित बनाया जा सके।

