पंचकूला: हरियाणा कांग्रेस आज पंचकूला स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय का घेराव करेगी। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे। शीतकालीन सत्र के चलते चंडीगढ़ पहुंचे अधिकांश कांग्रेस विधायक भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।
कांग्रेस का आरोप: भाजपा के इशारे पर ईडी ने की कार्रवाई
कांग्रेस का यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की चार्जशीट को कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के बाद किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार के इशारे पर ईडी ने गांधी परिवार को बदनाम करने की कोशिश की, जबकि अब कोर्ट ने ही जांच रिपोर्ट को ठुकरा दिया है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार ने राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से ईडी का दुरुपयोग किया। केंद्र सरकार ने जांच एजेंसी पर दबाव बनाया।
प्रदर्शन की तैयारी और प्रशासन की सख्ती
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने 16 दिसंबर की रात सभी पदाधिकारियों और विधायकों को पत्र भेजकर प्रदर्शन में शामिल होने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस विरोध कार्यक्रम के तहत हरियाणा कांग्रेस पंचकूला में भाजपा मुख्यालय का घेराव करेगी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा कार्यालय की ओर जाने वाले मार्गों पर बेरिकेडिंग की जा रही है। यह पहला अवसर होगा जब कांग्रेस भाजपा मुख्यालय के बाहर इस तरह का प्रदर्शन करेगी।

