नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को जहरीले स्मॉग की परत छाई रही। एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली के 40 में से 27 निगरानी केंद्रों पर हवा ‘सीवियर’ कैटेगरी में दर्ज की गई। वजीरपुर में AQI 500 तक पहुंच गया, जो अधिकतम सीमा है। सीपीसीबी के मुताबिक 500 से ऊपर AQI दर्ज नहीं किया जाता।
घनी धुंध के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित रहा। सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट से कई एयरलाइंस ने 228 फ्लाइट्स कैंसिल कर दीं और 5 को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया। 250 देरी से चलीं।
भारत आए अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनल मेसी खराब मौसम के चलते पीएम नरेंद्र मोदी से नहीं मिल सके। मेसी की मुंबई से दिल्ली आने वाली चार्टर्ड फ्लाइट ने कोहरे की वजह से देरी से उड़ान भरी। वहीं, पीएम एक घंटे की देरी से तीन देशों की यात्रा पर रवाना हुए। मेसी की पीएम मोदी से सुबह के वक्त मुलाकात तय थी।
इस बीच, प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्कूलों में कक्षा पांचवीं तक क्लासेस केवल ऑनलाइन लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने वकीलों और पक्षकारों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाइब्रिड मोड के जरिए पेश होने की सलाह दी है। सुप्रीम कोर्ट दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से जुड़ी याचिका पर 17 दिसंबर को सुनवाई करेगा।

