सोनीपत: सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में पीट-पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। गांव बलि कुतुबपुर में खेत में बने कोठे में उसका शव बरामद हुआ। शव पर सिर और चेहरे पर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शराब पीने के बाद वारदात
गांव बली कुतुबपुर के एक किसान सुंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 दिसंबर 2025 की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने खेत पर गया था। रास्ते में उसने देखा कि रविंद्र पुत्र बलवान अपने खेत के ट्यूबवेल कोठड़े पर बिजेंद्र निवासी सैयां खेड़ा, दीपक पुत्र सुरेश और अर्जुन पुत्र प्रताप सिंह (निवासी बली कुतुबपुर) के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसके बाद वह अपने खेत से घर लौट आया।
अगले दिन खेत में मिला शव
14 दिसंबर की सुबह गांव के ही एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि रविंद्र के ट्यूबवेल कोठड़े पर उसका शव खून से लथपथ पड़ा है। सूचना मिलते ही शिकायतकर्ता और उसके परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रविंद्र का शव बरामदे में पड़ा मिला और आसपास काफी खून फैला हुआ था।
तीन लोगों पर हत्या का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रविंद्र के साथ शराब पीने वाले बिजेंद्र, दीपक और अर्जुन ने ही उसकी हत्या की है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही खुबडू झाल चौकी और गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई सुनील, एएसआई गोवर्धन और कॉन्स्टेबल प्रवेश ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा नंबर 491 थाना गन्नौर में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

