वॉशिंगटन डीसी: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत दौरा अमेरिका में भी चर्चा में बना हुआ है। एक अमेरिकी सांसद ने पीएम मोदी और पुतिन की सेल्फी वाली तस्वीर दिखाकर राष्ट्रपति ट्रम्प की विदेश नीति की आलोचना की। अमेरिकी प्रतिनिधि सिडनी कैमलेगर-डव ने मोदी-पुतिन की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह पोस्टर हजार शब्दों के बराबर है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भारत नीति की कड़ी आलोचना की।

डव ने कहा, “ट्रम्प की भारत को लेकर नीतियां ऐसी हैं जैसे हम खुद को ही नुकसान पहुंचा रहे हों। दबाव डालकर साझेदारी करना महंगा साबित होता है। और यह पोस्टर इसका सबसे बड़ा सबूत है। अमेरिका की दबाव वाली नीति भारत को रूस के करीब धकेल रही है।” दूसरी ओर ट्रम्प की पार्टी के एक सांसद बिल हुइजेंगा ने क्रॉस-बॉर्डर टेररिज्म पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भारत के इस दावे का खुलकर समर्थन किया है कि पाकिस्तान में बैठे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और उसका संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) पहलगाम हमले के पीछे थे।

