लुधियाना: पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। राजा वड़िंग ने नवजोत कौर की प्राइमरी मेंबरशिप को सस्पेंड करने का दो लाइन का ऑर्डर जारी किया और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। इस आदेश में सस्पेंशन की कोई वजह नहीं बताई गई।

नवजोत कौर कुछ दिनों से पंजाब कांग्रेस के बड़े नेताओं को लेकर डायरेक्ट बयानबाजी कर रही थीं जिसका पार्टी के अंदर भी विरोध हो रहा था। नवजोत कौर को जवाब देने के चक्कर में पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेसी सांसद सुखजिंदर रंधावा तो उनके पति नवजोत सिद्धू के पिता तक पहुंच गए। रंधावा ने पूछा- नवजोत कौर बताएं कि उनके पति कितना पैसा देकर मंत्री बने थे।
सस्पेंशन के बाद नवजोत कौर ने X पर राजा वड़िंग के बूटा सिंह पर दिए गए बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा- मैं एक असंवेदनशील, गैर-जिम्मेदार, नैतिक रूप से बेईमान और भ्रष्ट अध्यक्ष के साथ खड़ा होने से इनकार करती हूं। मैं अपने सभी भाइयों और बहनों के साथ खड़ी हूं, जिन्हें उसकी नाकामी और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से चोट पहुंची है। मैं उन्हें प्रधान के रूप में स्वीकार करने से इनकार करती हूं। मुझे समझ नहीं आता कि मुख्यमंत्री उन्हें क्यों बचा रहे हैं। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा- पंजाब में झाड़ू (आम आदमी पार्टी) बिखरने से पहले कांग्रेस बिखर गई।

