चंडीगढ़: चंडीगढ़ में सोमवार देर शाम टिंबर मार्केट में 3 बदमाशों ने कार सवार युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने उसकी कार का पीछा किया। इसके बाद उसे घेरकर ताबड़तोड़ 5 गोलियां चलाईं। सारी गोलियां युवक के शरीर पर लगीं। इसके बाद बदमाश क्रेटा कार में वहां से फरार हो गए। राहगीरों ने उसे तुरंत PGI चंडीगढ़ भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया। मरने वाले युवक इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी की सवा महीने पहले ही शादी हुई थी। वारदात की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही मोहाली और पंचकूला से सटी चंडीगढ़ की सीमाएं सील कर दी गई हैं। पूरे शहर में नाकाबंदी कर CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मरने वाले युवक के पिता पंजाब पुलिस में सब इंस्पेक्टर रह चुके हैं। कत्ल के बाद पैरी की कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के साथ फोटो वायरल हो गईं। उस पर पहले से भी केस दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस को कत्ल के पीछे किसी गैंग का हाथ होने का शक है। फिलहाल अधिकारी जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कह रहे हैं।

- किया कार में जा रहा था पैरी: चंडीगढ़ पुलिस की जांच के मुताबिक इंद्रप्रीत पैरी अपनी किया कार (KIA) में सवार होकर सेक्टर 26 के जिम में जा रहा था। सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे वह सेक्टर 26 में टिंबर मार्केट के नजदीक पहुंचा। इस दौरान एक क्रेटा गाड़ी उसका पीछा कर रही थी।
- ओवरटेक कर गाड़ी रोकी, ताबड़तोड़ फायरिंग की: पुलिस के मुताबिक क्रेटा में 3 बदमाश सवार थे। उन्होंने पैरी को ओवरटेक किया और उसके आगे अपनी क्रेटा गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद उसमें से बदमाश नीचे उतरे और पैरी को टारगेट करते हुए पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
- 5 गोलियां लगीं, छाती में गोली लगते ही लुढ़का: पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने कुल 5 गोलियां चलाईं। पुलिस के मुताबिक सभी 5 गोलियां पैरी को लगीं। जिनमें से एक गोली छाती में लगी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह कार में लुढ़क गया। बदमाश समझ गए कि अब वह बच नहीं पाएगा।
- क्रेटा गाड़ी में बैठकर फरार हुए बदमाश: पुलिस जांच के मुताबिक वारदात के बाद बदमाश क्रेटा कार में ही बैठकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। PCR की गाड़ी ने उसे तुरंत PGI में भर्ती कराया। इसके बाद वारदात की सूचना मिलते ही SSP कंवरदीप कौर पुलिस टीम के साथ टिंबर मार्केट पहुंची। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। जिसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- PU इलेक्शन में एक्टिव रहता, 12 केस दर्ज: चंडीगढ़ पुलिस के मुताबिक इंद्रपीत पैरी चंडीगढ़ के सेक्टर 33 में रहता है। उसने चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज से ग्रेजुएशन की थी। वह पंजाब यूनिवर्सिटी (PU), चंडीगढ़ के इलेक्शन में भी बहुत एक्टिव रहता था। पुलिस को ये भी पता चला है कि उसका खुद का भी क्रिमिनल रिकॉर्ड था। उसके खिलाफ 12 केस दर्ज हैं। ये सभी केस अदालतों में अंडरट्रायल हैं। इनमें जमानत पर बाहर आया हुआ था।
- पिता सब इंस्पेक्टर रहे, एक महीने पहले शादी: पुलिस के मुताबिक पैरी के पिता सतिंदर पाल पंजाब पुलिस में इंस्पेक्टर थे, अब वह रिटायर हो चुके हैं। उसका एक बड़ा भाई है, वह भी पंजाब पुलिस में ASI है। इसके अलावा उसकी करीब सवा महीने पहले 19 अक्टूबर को ही शादी हुई थी। उसकी शादी में राजनीतिक और उद्योग जगत से जुड़े शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए थे। इस शादी की शहर में खूब चर्चा भी थी। पैरी अपने भाई, माता-पिता और पत्नी के साथ एक ही घर में रहते थे।

