चंडीगढ: पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर और उपराष्ट्रपति कार्यालय ने सीनेट चुनाव की तारीखों को मंजूरी देते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सचिव सरिता चौहान ने कहा कि चुनाव वही शेड्यूल के अनुसार होंगे, जो पहले यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भेजा था। इस बीच, चुनाव तारीखों की घोषणा के बाद छात्रों ने परिसर में विक्ट्री मार्च निकाला। कुछ छात्रों का कहना है कि लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। कल विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ निर्धारित बैठक में छात्रों पर दर्ज FIR सहित अन्य मुद्दों पर बातचीत होगी। पंजाब यूनिवर्सिटी की पिछली सीनेट का पांच साल का कार्यकाल 31 अक्टूबर 2024 को खत्म हो चुका था। नई सीनेट के गठन से पहले केंद्र सरकार ने पुरानी सीनेट को भंग कर दिया था, जिसके चलते चुनाव अटके हुए थे।

25 दिन से चल रहा धरना
सीनेट चुनाव की तारीखों की घोषणा के लिए PU चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा पिछले 25 दिनों से यूनिवर्सिटी में धरना दे रहा था। इस दौरान कई संगठनों ने प्रदर्शन किए। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी थी कि अगर चुनाव की तारीख नहीं घोषित हुई तो 3 दिसंबर को पंजाब के सभी BJP दफ्तरों का घेराव किया जाएगा। घेराव से पहले ही उपराष्ट्रपति ने चुनाव करवाने को मंजूरी दे दी।

