यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में बर्तन बनाने वाली फैक्ट्री में काम कर रही युवती कटिंग मशीन की चपेट में आ गई। वह कटिंग के बाद बर्तन उठाकर साइड रख रही थी, तभी उसकी चुन्नी अचानक मशीन में फंस गई, जिसके बाद मशीन ने कपड़ों समेत युवती को अंदर खींच लिया। हादसे के बाद मशीन को तुरंत बंद कर युवती को बाहर निकाला गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान मोनिका (20) निवासी जिला गोंडा उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। फिलहाल वह अपनी मां और दो छोटे भाइयों के साथ जगाधरी में काली माता के मंदिर के पास रह रही थी। परिवार उसकी शादी की तैयारी कर रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव को कब्जे में लिया।
फैक्ट्री की महिला कर्मचारी ने बताया कैसे हुआ हादसा
- पैकिंग और कटिंग का काम करती थी युवती: फैक्ट्री में काम करने वाली पूजा सैनी ने बताया कि मोनिका यहां पर पैकिंग और कटिंग जैसे काम किया करती थी। मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे वह पैकिंग का काम कर रही थी। इस बीच थोड़ी देर बाद उसे कटिंग मशीन पर लगा दिया गया, जहां पर कटी हुई प्लेटों को मशीन के ऊपर से उठाकर साइड में रखना था।
- अचानक से मशीन में फंस गई चुन्नी: पूजा ने कहा कि जब मोनिका कटिंग के बाद एक प्लेट को उठाकर साइड में रखने के लिए घूमी को अचानक से उसकी चुन्नी मशीन में फंस गई। चुन्नी के साथ-साथ मोनिका का सूट भी मशीन की तरफ खिंचने लगा। इससे पहले कि मोनिका अपना बचाव कर पाती, देखते ही देखते मशीन ने उसे अपनी और खींच लिया।
- मशीन की गरारियों में फंसी, कमर कटी: की मोनिका चलती हुई मशीन की गरारियों में फंस गई। हादसे से फैक्ट्री में हड़कंप मच गया। तुरंत कटिंग मशीन को बंद कर मोनिका को बाहर निकाला गया। मोनिका की कमर बुरी तरह से कट चुकी थी, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

