अमृतसर: अमृतसर में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को छेहरटा इलाके में एक व्यक्ति को थाना छेहरटा के एसएचओ की ओर से 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ललित अरोड़ा, निवासी छेहरटा, अमृतसर के रूप में हुई है। यह कार्रवाई एक स्थानीय निवासी की शिकायत के आधार पर की गई। आरोपी को आज(शनिवार) को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता के अनुसार, थाना छेहरटा के एसएचओ और उनकी टीम ने उस पर और उसके चचेरे भाई पर नशीले पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाया था। पुलिस ने उनकी एक कार भी जब्त कर ली थी, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ बरामद किया गया था।
बाद में शिकायतकर्ता से एसएचओ के परिचित ललित अरोड़ा ने संपर्क किया और आरोपों को नकारात्मक रिपोर्ट में बदलने के बदले 25 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने पूरी राशि देने में असमर्थता जताई और बताया कि वह फिलहाल केवल 5 लाख रुपए का ही इंतजाम कर सकता है। इस पर अरोड़ा ने यह राशि पहली किस्त के रूप में लेने के लिए हामी भर दी।
विजिलेंस ने रचा जाल, रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
विजिलेंस ब्यूरो, अमृतसर रेंज की टीम ने जाल बिछाकर दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में अरोड़ा को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। विजिलेंस ब्यूरो ने कहा कि पंजाब सरकार का भ्रष्टाचार विरोधी अभियान लगातार जारी है, और जनता से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत विजिलेंस हेल्पलाइन पर दें।

