फतेहाबाद के गांव झलनिया में एक मजदूर ने जहरीला पदार्थ पी लिया। जिसके बाद परिजनों ने उसे नागरिक हस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि खेत मालिक ने सरपंची का चुनाव लड़ा था और उसे वोट न देने पर खेत मालिक के भतीजों ने उसे प्रताड़ित किया। जिसके बाद उसने जहर पी लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार जगदीश गांव के ही राजेंद्र के यहां खेत में मजदूरी का काम करता है। राजेंद्र ने हाल ही में सरपंची का चुनाव लड़ा था और 400 वोटों से रामचंद्र से हार गया। जगदीश ने रामचंद्र को वोट डाला था। जिसके बाद राजेंद्र के भतीजे उस पर दबाव बनाए हुए थे कि उसने राजेंद्र को वोट क्यों नहीं दिया। जिसके चलते आज जगदीश ने यह कदम उठाया।
जगदीश ने स्प्रे पीने के बाद अपने बेटे सुनील को फोन किया और कहा कि मैंने कीटनाशक पी लिया है। जिसके बाद परिवार वाले मौके पर खेत में पहुंचे और उसे वहां से ले जाकर अस्पताल में भर्ती करवाया। फिलहाल पीड़ित की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।