पंचकूला: हरियाणा में अब सभी गर्ल्स हॉस्टल में राज्य महिला आयोग के संपर्क नंबर और ई-मेल एड्रेस लिखे नोटिस बोर्ड लगेंगे। आयोग ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं। यह फैसला लेने के पीछे रोचक कहानी है। पंचकूला के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) की छात्राएं महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया को पहचान नहीं पाईं। उन्हें बताना पड़ा कि आयोग क्या है और वह इसकी चेयरपर्सन हैं। असल में, NIFT पंचकूला की एक छात्रा ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख दी। जिसमें अपने साथ हुई छेड़छाड़ की एक घटना का जिक्र किया। इसके बाद राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने मंगलवार को कैंपस में आकर छात्राओं से बात की।

जब उन्होंने पूछा कि क्या किसी राज्य महिला आयोग के बारे में पता है। तो एक भी छात्रा ने हाथ खड़ा नहीं किया। चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने बताया कि पहले भी यह सामने आया कि महिलाओं व कॉलेज जाने वाली लड़कियों को अकसर महिला आयोग के बारे में ही नहीं पता। ऐसे में वे कैसे शिकायत करेंगी। जबकि आयोग का काम महिलाओं को न्याय दिलाने का है। इसी वजह से अब हर हॉस्टल के बाहर आयोग के बोर्ड लगाने का फैसला लिया है। जिस में पर महिला आयोग के हेल्पलाइन नंबर, ईमेल, महिला हेल्पलाइन और डॉयल 112 नंबर दर्ज होंगे। अगर किसी युवती या महिला को दिक्कत आती है तो वह आसानी से संपर्क कर पाएगी।

