करनाल: हरियाणा में करनाल का रहने वाले दो युवकों को ईरान डोंकर द्वारा नग्न कर डंडों से पीटा जा रहा है। दोनों युवक गांव जांबा और दादुपुर के रहने वाले हैं, जो डंकी रूट के जरिए यूरोप के स्पेन जाने निकले थे। अब डोंकरों ने उन्हें बंधक बना लिया है और उनके परिजनों से 20 लाख रुपए की फिरौती की मांग की जा रही है। धमकी दी गई है कि अगर पैसे नहीं मिले तो दोनों की किडनियां निकालकर बेच दी जाएंगी। दोनों पीड़ित परिवारों ने पुलिस को शिकायत दी है।

-
विदेश में नौकरी करने निकले थे दोनों घर से: करनाल के जांबा गांव निवासी 24 वर्षीय ऋतिक और दादुपुर निवासी 40 वर्षीय पवन 22 अक्तूबर को अपने-अपने घरों से निकले थे। दोनों विदेश में नौकरी कर अच्छी कमाई का सपना लेकर गए थे। सबसे पहले वे कोलकाता पहुंचे, जहां से एक एजेंट ने उनका टिकट बैंकॉक के लिए करवाया।
- स्पेन पहुंचने से पहले डोंकरों ने पकड़ा: बैंकॉक से उन्हें ईरान भेजा गया। वहां से यूरोप के स्पेन तक की यात्रा शुरू हुई, लेकिन स्पेन पहुंचने से पहले ही दोनों डोंकर के हत्थे चढ़ गए। डोंकर ने पहले दोनों को बेरहमी से पीटा और फिर वीडियो बनाकर उनके परिजनों को भेज दिया।
- 9 लाख मांगी थी पहली फिरौती, फिर हो गए 20 लाख: परिजनों के मुताबिक, पहले 9 लाख रुपए की मांग की गई, फिर 13 लाख रुपए और अंत में 20 लाख रुपए की मांग कर दी गई। उन्होंने कहा कि अगर एक घंटे में पैसे नहीं दिए तो दोनों की किडनियां निकालकर बेच देंगे।
- एजेंट ने कहा – मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं: जब इस मामले पर एजेंट मनीष से बात की गई तो उसने खुद को निर्दोष बताया। मनीष ने कहा कि उसने किसी को नहीं भेजा, न ही उसका इन युवकों से कोई संपर्क था। ये कलकत्ता से किसी दूसरे के संपर्क में आए और वहीं से विदेश गए हैं। मैंने इनके लिए कोई टिकट नहीं करवाई।

