पंचकूला: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) के पंचकूला कैंपस को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। कैंपस में छात्राएं अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब और सिगरेट भी पीती हैं। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब हरियाणा राज्य महिला आयोग की टीम मंगलवार को कैंपस में छेड़छाड़ की एक शिकायत की सच्चाई जानने के लिए पहुंची थी।
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर होकर जब पुलिस से बातचीत कर रही थीं, तो एक महिला पुलिसकर्मी ने उनसे पूछा कि देर रात जब ये छात्राएं लड़कों के साथ शराब पी रही होती हैं तो उस समय क्या किया जाए? क्योंकि इसके बाद वे शराब के नशे में ही फ्लैट और हॉस्टल जाती हैं। इस पर महिला आयोग की अध्यक्ष पहले तो हैरान हुईं और फिर छात्राओं से ही इस बारे में पूछ लिया।

तभी 2 छात्राएं आगे आईं और बोलीं कि अगर वे दोस्तों के साथ शराब-सिगरेट पीती हैं तो इसमें क्या गलत है? भाटिया ने छात्राओं को समझाते हुए कहा कि बेटा, वे ऐसे में लिबर्टी लेते हैं। ऐसे ही हालात में आगे चलकर अपराध की घटनाएं होती हैं, जिसके बाद पुलिस और आयोग की जिम्मेदारी बन जाती है।
- अक्सर ड्रिंक करती हैं लड़कियां: आयोग को पुलिस टीम ने बताया कि कैंपस के आसपास के एरिया में अक्सर लड़कियां शराब पीती हैं। इतना ही नहीं, जब इन लड़कियों को रोका जाता है तो वे खुद को 18 प्लस बताते हुए उन्हें ही उल्टा ज्ञान देने लग जाती हैं, लेकिन इनकी सुरक्षा के लिए पुलिस रात भर चक्कर काटती रहती है।
- भविष्य में मेडिकल करवाया जाएगा: चंडीमंदिर थाना SHO रामपाल सिंह ने बताया कि उनकी टीमें रात को भी गश्त करती हैं, लेकिन रात के समय PCR व राइडर टीम के सामने ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिसका जिक्र महिला पुलिसकर्मी ने आयोग अध्यक्षा के समक्ष किया था। रात के समय बेटियों को भी खुद थोड़ा ध्यान रखना चाहिए। अगर भविष्य में कोई स्टूडेंट शराब के नशे में मिला तो उसका मेडिकल करवाया जाएगा।

