हिसार/फतेहाबाद: रूस-युक्रेन युद्ध में हरियाणा के एक और युवक की मौत हो गई है। इस बार हिसार के गांव मदनहेड़ी के 28 वर्षीय सोनू की मौत की पुष्टि हुई है। सोनू के बड़े भाई अनिल ने बताया कि सोनू को जबरन रशियन आर्मी में भर्ती कर युद्ध में भेजा गया था।
रूस आर्मी के कमांडर का फोन उनके पास आया, जिसमें बताया कि यूक्रेन के ड्रोन अटैक में सोनू मारा गया है। सोनू के शव को एयरलिफ्ट कर बुधवार सुबह तक भारत लाया जा सकता है। इससे पहले कैथल के 22 वर्षीय कर्मचंद की मौत हो गई थी। उसे भी धोखे से रशियन आर्मी में भर्ती किया गया था।
हिसार के गांव मदनहेड़ी के ही अमन का 4 दिन पहले परिवार के पास एक वीडियो मैसेज आया। करीब 1 मिनट के वीडियो में अमन ने बताया कि 25 अगस्त को उसे धोखे से रशियन आर्मी में भर्ती किया गया। कहा गया कि गार्ड की नौकरी है। 12 दिन की ट्रेनिंग के बाद सीधे बॉर्डर पर लड़ने भेज दिया। कभी भी मौत हो सकती है। रोजाना बमबारी होती है और कोई न कोई आंखों के सामने मारा जाता है।
पिछले दिनों विदेश मंत्रालय की ओर से 27 युवाओं की लिस्ट जारी हुई थी, जिनके रूस की आर्मी में भर्ती होने की पुष्टि थी। इनमें हरियाणा के 7 नाम थे। इनमें फतेहाबाद, हिसार व कैथल के 2-2 और एक कलानौर का युवक है। इनमें से 5 युवकों का परिवार से लंबे समय से कोई संपर्क नहीं है।

