हिसार: बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के लिए ये हफ्ता दोहरी खुशी लेकर आया है। सुशांत सिंह राजपूत के बहनोई 1991 बैच के IPS अफसर ओपी सिंह को हरियाणा का कार्यवाहक DGP बनाया गया है। वहीं उनकी ममेरी बहन दिव्या गौतम को बिहार विधानसभा चुनाव में भाकपा (माले) ने उम्मीदवार बनाया है। भाकपा बिहार में विपक्षी दल की भूमिका में है।

सियासी हलकों में चर्चा है कि ओपी सिंह को कार्यकारी DGP बनाने के पीछे बिहार चुनाव भी एक वजह हो सकती है। राजपूत वोटबैंक कई सीटों पर अहम है। बिहार के करीब 30 से 35 विधानसभा क्षेत्र में राजपूत जाति जीत या हार में निर्णायक भूमिका निभाती रही है। यही वजह है कि सत्तापक्ष हो या विपक्ष दोनों इस जाति को समय-समय पर अपने फैसलों के जरिए अपने साथ लाने की कोशिश करते रहे हैं।
ओपी सिंह बिहार के जमुई जिले के रहने वाले हैं। वे इससे पहले अंबाला-पंचकूला, फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर और हरियाणा में ADGP के पद पर रह चुके हैं। हाल ही में हरियाणा में IPS वाई. पूरन कुमार के सुसाइड केस में नामजद होने के बाद DGP शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजा गया है।

