चंडीगढ़: हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई. पूरन कुमार के सुसाइड मामले को 7 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उनका पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया है। दिवंगत IPS की IAS पत्नी, DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक के SP रहे नरेंद्र बिजारणिया की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हैं।
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अमनीत पी. कुमार के सरकारी आवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचेंगे। दोपहर डेढ़ बजे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी शोक जताने के लिए पहुंचेंगे।
परिवार और अनुसूचित समाज की तरफ से बनाई गई 31 मेंबरी कमेटी की ओर से हुई महापंचायत द्वारा दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम भी आज खत्म हो रहा है। कमेटी ने आरोपियों पर कार्रवाई न करने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
इस बीच, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 17 अक्टूबर को सोनीपत में प्रस्तावित प्रधानमंत्री का दौरा रद्द होने के बाद अपना दिल्ली दौरा भी कैंसिल कर दिया है। एक दिन पहले, सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले भी परिवार को मनाने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी से 40 मिनट तक मीटिंग की। मीटिंग के बाद आठवले ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों पर कार्रवाई होगी, लेकिन पहले पोस्टमॉर्टम कराना जरूरी है।

