हिसार: हरियाणा में बुधवार से ठंड बढ़ सकती है। बीते 2 दिन बादल छाने और बारिश होने से जिलों का पारा गिरा है। अकेले हिसार का तापमान भी 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें से 6 जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इनमें कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला शामिल हैं। इसके अलावा जींद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद में भी हल्की से मध्यम गति से बारिश होने की संभावना है। जबकि, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में बूंदाबांदी हो सकती है। सोमवार रात को भी सोनीपत, फरीदाबाद, पंचकूला, बहादुरगढ़ समेत कई स्थानों पर बारिश हुई है।