हरियाणा के पंचकूला में बाप-बेटी ने सुसाइड कर लिया। पहले बेटी का पिता के साथ झगड़ा हुआ तो उसने घर में फंदा लगा लिया। यह देखकर पिता भी अचानक घर से गायब हो गया। कुछ समय बाद उसकी लाश भी स्टेडियम में फंदे से लटकी मिली। पुलिस ने मृतक व्यक्ति के बेटे के बयान पर कार्रवाई कर शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके हवाले कर दिया है। मृतक व्यक्ति के बेटे ने कहा कि पिता ने बहन को डांटा था, जिसके बाद यह सारी घटना हुई।
सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला..
- बेटी ने सोमवार रात फंदा लगाया: पंचकूला के सेक्टर 17 स्थित राजीव कॉलोनी में पूजा (18) ने सोमवार रात को अचानक घर में ही फंदा लगा लिया। जब परिवार के सदस्यों को पता चला तो वह उसे फंदे से उतारकर सेक्टर 6 स्थित सिविल अस्पताल ले गए। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- बेटी की मौत का पता चलते ही पिता गायब हुआ: पूजा की मौत होने का पता चलने के बाद उसका पिता हवा सिंह भी अचानक गायब हो गया। परिवार में किसी को कुछ समझ नहीं आया। उन्होंने हवा सिंह को ढूंढने के लिए काफी कोशिश की लेकिन वह किसी को नहीं मिला। न ही वह किसी को कुछ बताकर गया था।
- पुलिस को पिता की लाश स्टेडियम में मिली: इसके बाद पुलिस को पता चला कि सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एक शव लटका हुआ है। छानबीन में वह शव हवा सिंह का निकला। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को वहां बुलाया। उन्होंने शिनाख्त कर ली। जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाया गया।
-
- पिता-बहन में झगड़ा होता था: हवा सिंह के बेटे ने बताया कि घर पर रोज पिता और बहन के बीच झगड़ा होता था। पूरा परिवार भी उनके झगड़े से परेशान था। वह दोनों को रोकते भी थे लेकिन अक्सर उनके बीच बहस चलती रहती थी। मगर, सोमवार की रात उनके बीच झगड़ा कुछ ज्यादा ही बढ़ गया था।
- पिता ने बहन को डांटा, कमरे में जाकर फंदा लगाया: सोमवार की शाम काे पिता हवा सिंह ने बहन पूजा को डांट दिया। जिससे पूजा बहुत नाराज हुई और गुस्से में अपने कमरे में चली गई। जहां उसने फंदा लगा लिया। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो परिवार वाले उसे देखने गए। वह अंदर पंखे पर फंदे से लटकी थी।
- बेटी की मौत से पिता परेशान हो गए, खुद को कसूरवार माना: विनय ने आगे बताया कि पूजा को तुरंत अस्पताल ले गए। उस वक्त पिता भी साथ था। जब डॉक्टरों ने कहा कि पूजा की मौत हो चुकी है तो वह बहुत परेशान हो गए। पिता ने बेटी की मौत के लिए खुद को कसूरवार मान लिया। इसके बाद वह भी घर से किसी को कुछ बताए बिना चले गए। इसके बाद स्टेडियम के पास फंदे पर लाश लटकी मिली। पिता ने बेटी के खुदकुशी करने से परेशान होकर ही सुसाइड किया है। उन्होंने किसी को इस मामले में कसूरवार नहीं ठहराया। जिस वजह से पुलिस ने किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया है। मृतक हवा सिंह स्वीपर का काम करता था।
पुलिस ने पूरी घटना को लेकर क्या कहा सेक्टर 21 चौकी इंचार्ज दीदार सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान से पता चला कि उनके घर पर आर्थिक तंगी चल रही थी। युवती बार-बार खर्चे के लिए पैसे मांग रही थी लेकिन पिता ने पैसे न होने के कारण उसे डांट दिया। डांट लगाने के बाद युवती ने सुसाइड कर लिया था। जिससे दुखी होकर पिता ने भी सुसाइड कर लिया।