दिग्गज एक्टर विक्रम गोखले का 82 साल की उम्र में निधन हो गया है। विक्रम बीते काफी समय से अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अभिनेता की तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई थी और वह वेंटिलेटर पर थे। लेकिन अब उनके निधन की खबर ने हर किसी को मायूस कर दिया है।
विक्रम गोखले का जन्म फिल्मी परिवार में हुआ। परिवार में अभिनय की शुरुआत उनकी परदादी से हुई थी। विक्रम गोखले की परदादी दुर्गाबाई कामत इंडियन स्क्रीन की पहली फीमेल एक्टर थीं। उनकी दादी कमलाबाई गोखले इंडियन सिनेमा की पहली फीमेल चाइल्ट आर्टिस्ट के तौर पर काम कर चुकी थीं और उनके पिता चंद्रकांत गोखले भी मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता थे। परिवार की राह पर चलते हुए विक्रम भी सिनेमा से जुड़ गए। हालांकि, उनका नाम थिएटर से भी हमेशा जुड़ा रहा। उनकी पहली फिल्म ‘परवाना’ साल 1970 में रिलीज हुई थी। इसके बाद वह कई फिल्मों और टीवी सीरियल्स में नजर आए।