हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नालागढ़ के सैनीमाजरा स्थित होटल भूपेंद्रा से पंजाब, हरियाणा और बिहार की 7 लड़कियों को रेस्क्यू किया। पुलिस ने होटल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होटल संचालक अभी फरार है।
पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। देह व्यापार की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी राकेश राय के नेतृत्व में पुलिस टीम भूपेंद्रा होटल पहुंची और एक व्यक्ति को नकली ग्राहक बनाकर होटल भेजा। इस दौरान होटल में चल रहे इस धंधे का पर्दाफाश किया गया।
होटल कर्मी ग्राहकों से पैसे लेकर लड़कियां को सौंपता था
पुलिस के अनुसार, इस होटल को गफूर मोहम्मद और खलील मोहम्मद चला रहे थे। ये दोनों नालागढ़ में मंझोली के रहने वाले हैं। नालागढ़ का ही रहने वाला और इस होटल में काम करने वाला गोपाल ग्राहकों से पैसे लेकर लड़कियां सौंपता था।
होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने थाना नालागढ़ में गोपाल, गफूर मोहम्मद और खलील मोहम्मद के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें से गोपाल पकड़ा गया है, जबकि दोनों संचालक भाग गए हैं। पुलिस अब जांच कर रही है कि इसमें और कौन-कौन लोग संलिप्त है।
DSP बोले- होटल संचालक को जल्द गिरफ्तार करेंगे
DSP भीष्म ठाकुर ने बताया है कि अभियुक्तों से पूछताछ कर दूसरे लोगों का पता लगाया जा रहा है, जिनके जरिए पंजाब, हरियाणा और बिहार से लड़कियां यहां लाई जाती थी। अभी केवल एक कर्मचारी ही पुलिस के हत्थे चढ़ा है। फरार होटल संचालकों की खोज में छापे मारे जा रहे हैं। DSP ने कहा कि संचालकों को भी जल्द गिरफ्तार कर दिया जाएगा। उनसे पूछताछ कर रही खुलासा हो सकेगा कि ये लोग लड़कियों को किस तरह यहां लाते थे और उन्हें कैसे इस धंधे में फंसाते थे?