हरियाणवी सिंगर राहुल यादव फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी की पहचान सोनीपत जिले के जाजल गांव निवासी विशाल (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि इसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फाजिलपुरिया के आने-जाने के समय और रुकने के स्थान आदि की रेकी की थी। रेकी करने के लिए यह गुरुग्राम में कई बार आकर अलग-अलग गेस्ट हाउस में ठहरा।

वारदात के दिन भी इसने रेकी करते हुए उसकी सूचना अपने साथियों को दी थी, जिसके आधार पर इसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ चल रहा हो, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है। इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। वहीं फाजिलपुरिया ने भी पूरे मामले में मीडिया से दूरी बना रखी है। फाजिलपुरिया पर सोमवार रात को गुरुग्राम के साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर फायरिंग हुई थी। उसने थार भगाकर अपनी जान बचाई थी।

