नारनौंद: हरियाणा के जिले हिसार में 7 पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। हांसी में ड्यूटी पर लापरवाही बरतने और गैरहाजिर रहने पर 3 SPO को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। जबकि, 4 पुलिसवालों को SP ने लाइन हाजिर किया है। यह कार्रवाई तब की गई, जब पुलिस अधीक्षक ने नाकों का निरीक्षण किया। वहां कुछ पुलिसवाले सोते हुए मिले। जबकि, कुछ पुलिसकर्मी शराब के नशे में मिले थे। SP ने कार्रवाई करने के बाद सभी चौकियों और थाना प्रभारियों को नियमित चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
तड़के नाके पर पहुंचे थे SP हांसी के SP अमित यशवर्धन के अनुसार, वह शनिवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे राजथल और जींद रोड के नाके का अचानक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही पकड़ी।
उन्होंने बताया- राजथल नाके पर ड्यूटी में तैनात हेड कॉन्स्टेबल यशवंत, हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र और एसपीओ चमनलाल सोते हुए मिले। जब उन्हें जगाया गया तो SPO चमनलाल के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। इससे स्पष्ट था कि SPO ने ड्यूटी के दौरान वर्दी में शराब का सेवन किया था। यह सरकार के दिशा-निर्देशों की खुली अवहेलना है।
कमरे में सोते मिले पुलिस कर्मी SP ने बताया- इसी प्रकार सुबह 5 बजे जब मैं जींद रोड पर नाके की चेकिंग के लिए पहुंचा तो देखा कि सब इंस्पेक्टर सूरजभान, हेड कॉन्स्टेबल जोगिंद्र, एसपीओ रामनिवास और एसपीओ ईश्वर नाके से गैरहाजिर हैं। ये लोग पास ही बने कमरे में सोते पाए गए। इनमें एसपीओ ईश्वर के मुंह से भी शराब की गंध महसूस हुई। ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और शराब सेवन जैसे मामलों को देखते हुए SP अमित यशवर्धन ने सख्त कार्रवाई की। उन्होंने सब इंस्पेक्टर सूरजभान, हेड कॉन्स्टेबल जोगिंद्र, हेड कॉन्स्टेबल यशवंत और हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दिए। वहीं, एसपीओ रामनिवास, एसपीओ ईश्वर और एसपीओ चमनलाल को सेवा से बर्खास्त कर दिया।
SP बोले- ड्यूटी पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं इस कार्रवाई के बाद SP ने जिले के सभी थाना प्रभारियों व चौकी इंचार्जों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में स्थित सभी नाकों, पीसीआर और राइडर यूनिट्स की नियमित चेकिंग करें। कोई भी कर्मचारी ड्यूटी में लापरवाही, शराब सेवन या गैरहाजिर मिले तो तुरंत विभागीय कार्रवाई की जाए। एसपी ने कहा कि ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

