मौसम विभाग ने आज पूरे हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद गुरुवार को हिसार, गुरुग्राम, झज्जर, भिवानी, जींद, पंचकूला, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, महेंद्रगढ़ और नूंह में बारिश हुई। मौसम विभाग ने रात 11 बजे तक हिसार, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, करनाल में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक मानसून ट्रफ के उत्तरी सीमा पर होने की वजह से प्रदेश में 15 जुलाई तक बारिश रहेगी। वहीं बुधवार की रात भी जमकर बारिश हुई। जिस दौरान पलवल के गांव सोफ्ता में बारिश की वजह से पेट्रोल पंप की दीवार गिर गई। जिससे उसके पास से गुजर रहे 6 मजदूर दब गई। जिनमें से 2 की मौत हो गई है जबकि 3 को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया है। एक मजदूर की हालत खतरे से बाहर है। ये सब रात 10 बजे काम निपटाकर घर वापस लौट रहे थे। गुरुग्राम में दोपहर एक बजे अरावली की पहाड़ियों में झरना देखने गए 3 युवकों की मौत हो गई है। एक युवक वहां गड्ढे में भरे पानी में नहाने चला गया। वह डूबने लगा तो बाकी 2 उसे बचाने कूदे और तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरजीत, आशीष और देवेंद्र के रूप में हुई है। युवक उत्तर प्रदेश के इटावा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
वहीं गुरुग्राम में बारिश के बाद जलभराव देख डिप्टी कमिश्नर अजय कुमार ने सभी प्राइवेट और कॉर्पोरेट कंपनियों के कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी कर दी है। गुरुग्राम में साउथ पेरिफेरल रोड (SPR) धंसने से एक ट्रक पलट गया। वहीं रेवाड़ी के अस्पताल में भी पानी भर गया है। यमुनानगर के गांव जानीपुर में 7 भैंसें पूरी रात यमुना नदी के बहाव में फंसी रहीं। पानी में बहते हुए वह हथिनीकुंड बैराज के बंद गेट के सामने आकर अटक गईं। इनमें से दो भेंस को JCB से लिफ्ट कराया गया जबकि 5 भैसों की मौत हो गई। वहीं, कल( 9 जुलाई) कैथल में 3 बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। ये बच्चे बारिश में नहाने गए थे, लेकिन पैर फिसलने की वजह से वह गहरे तालाब में गिर गए। तीनों बच्चे एक ही परिवार से थे। इनकी पहचान वंश (8), अक्षय (8) और नमन (9) के रूप में हुई है।
