पंजाब के लुधियाना में बाइक सवार 2 युवकों ने एक युवती का शव बोरी में डालकर फिरोजपुर रोड पर डिवाइडर पर फेंक दिया। वहां मौजूद एक रेहड़ी वाले ने युवकों से बोरी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे तो खराब आम फेंकने आए हैं। जब रेहड़ी वाले ने बोरी चेक की तो उसमें युवती का शव था। लोगों ने तुरंत आरती चौक पर खड़े पुलिसकर्मियों से घटना की सूचना दी। शव फेंकते हुए लोगों ने उनका वीडियो तक बना लिया। जब तक पुलिस मौके पर आई युवक बाइक छोड़कर फरार हो गए। युवती की नाक से खून निकल रहा था। पुलिस उसकी पहचान कराने की कोशिश में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शी की घटना पर 3 बातें…
- नीले रंग की बाइक पर आए दोनों युवक: फिरोजपुर रोड पर आरती चौक के पास खड़े रेहड़ी वाले जीवन ने बताया कि मैं नान बना रहा था। तभी 2 लोग नीले रंग की बाइक पर आए और फ्लाइओवर के नीचे डिवाइडर पर बाइक के आगे रखी बोरी फेंकने लगे। मेरे पास खड़े लड़के ने कहा कि ये लोग यहां पर बोरी क्यों फेंक रहे हैं।
- शक होने पर युवकों को रुकवाया: जीवन ने आगे बताया यह देखकर हम दोनों उन लोगों के पास गए और पूछा कि बोरी में क्या है और यहां क्यों फेंक रहे हो? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि हम खराब आम फेंक रहे हैं। हम लोगों को उन पर शक हो गया। हमने उनकी बाइक साइड में रुकवाई और वीडियो बनाने लगे।
- वीडियो बनाया तो हाथापाई की: रेहड़ी वाले ने बताया कि जिस युवक ने बोरी पकड़ी थी उसने नीले रंग की सिक्योरिटी गार्ड की ड्रेस पहन रखी थी। जब हम उनका वीडियो बनाने लगे तो उन्होंने हाथापाई करनी शुरू की। हमने कुछ दूसरी पर खड़े पुलिस कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। उन्होंने आगे थाने में इसकी सूचना दे दी। फिर युवक वहां बाइक छोड़कर फरार हो गए। बोरी को चेक किया तो उसमें महिला की लाश थी। करीब आधे घंटे बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची।

