अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के विवाद में अब गैंगस्टर लॉरेंस भी कूद गया है। अध्यक्ष देवेंद्र बूड़िया के समर्थन में लॉरेंस की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है, जिसमें उसने भाजपा नेता व पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई का नाम लिए बिना अंजाम भुगतने की धमकी दी है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। कथित पोस्ट में लॉरेंस ने लिखा है कि एक व्यक्ति ने बिश्नोई महासभा को अपने चंगुल में फंसा रखा था और तानाशाह की तरह महासभा चला रहा था। मैं और मेरे साथी उस तानाशाह को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, क्योंकि उसने बूड़िया से बदतमीजी की थी। नवंबर 2024 में अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के प्रधान पद को लेकर विवाद शुरू हुआ, जब तत्कालीन संरक्षक कुलदीप बिश्नोई ने मौजूदा प्रधान बूड़िया को पद से हटाने की कोशिश की। बूड़िया ने कुलदीप बिश्नोई का दबाव मानने से इनकार कर दिया और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव की घोषणा करते हुए महासभा में कुलदीप बिश्नोई के संरक्षक पद को समाप्त कर दिया।

इसी विवाद के बीच 24 जनवरी को बूड़िया के खिलाफ आदमपुर में रेप का केस दर्ज हुआ। 29 जून को बूड़िया को गिरफ्तार किया था। कल कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पेशी से पहले बूड़िया की तबीयत बिगड़ गई थी।
