
जींद: गूगल के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म में शुमार यूट्यूब की मोस्ट पॉपुलर सिंगर लिस्ट में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का नाम आया है। यूट्यूब की ओर से जारी की गई इस सप्ताह के टॉप-10 आर्टिस्ट की लिस्ट में मासूम शर्मा सातवें नंबर पर हैं। उन्होंने हनी सिंह जैसे बड़े पंजाबी सिंगर के अलावा वर्ल्ड फेम सोनू निगम, AR रहमान और पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम को भी पछाड़ दिया है।
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को यूट्यूब पर एक सप्ताह में 13.28 करोड़ लोगों ने देखा है। यूट्यूब की इस लिस्ट में पहले नंबर पर आर्टिस्ट अलका याग्निक, दूसरे नंबर पर उदित नारायण और तीसरे नंबर पर कुमार सानू हैं। इस लिस्ट में हनी सिंह 13वें और एआर रहमान 17वें नंबर पर हैं।

यूट्यूब पर गाने बैन होने पर सुर्खियों में आए थे हरियाणा में गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गाने यूट्यूब पर बैन किए जाने के बाद मासूम शर्मा सुर्खियों में आए थे। सरकार की ओर से गन कल्चर को प्रमोट करने वाले 30 गानों को यूट्यूब से हटाया है, जिनमें सबसे ज्यादा 10 गाने मासूम शर्मा के हैं। मासूम शर्मा ने 13 मार्च को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव आकर अपना दर्द बयां किया था, जिसके बाद मासूम शर्मा को हर जगह से सपोर्ट मिलने लगा और उनकी पॉपुलैरिटी बढ़ने लगी।
म्यूजिक चार्ट बिलबोर्ड पर 3 गाने कर चुके ट्रेंड मासूम शर्मा की अब काफी फैन फॉलोइंग हो चुकी है। यही वजह है कि हरियाणा के अलावा अब चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में भी उन्हें लाइव कन्सर्ट के लिए बुलाया जाने लगा है। इंटरनेशनल लेवल के म्यूजिक चार्ट बिलबोर्ड पर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के 3 गाने ट्रेंड कर चुके हैं। इनमें सरकार की ओर से बैन किए गए गाने भी शामिल हैं।
CM नायब सैनी भी कर चुके मासूम की तारीफ हरियाणा में विवाद बढ़ने के बाद 27 अप्रैल को पंचकूला के देवीलाल स्टेडियम में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम कराया गया था। इसमें हरियाणा के CM नायब सैनी ने मासूम शर्मा की तारीफ करते हुए कहा था कि ये हमारे ऐसे हरियाणवी कलाकार हैं, जिनके गानों पर लोग खड़े होकर नाचने लग जाते हैं।

